- वीरपुर में डीडीसी ने किया निरीक्षण
बेगूसराय | जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर लगातार तीसरे दिन ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने गांवों में पहुंचकर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी ने वीरपुर प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों में कचरा उठाव कार्य की समीक्षा की। मौके पर मौजूद बीडीओ, स्थानीय मुखिया और स्वच्छता कर्मियों को कड़े निर्देश दिए गए। डीडीसी ने स्पष्ट कहा कि प्रतिदिन घर-घर से कचरे का उठाव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बरौनी पंचायत में ‘मॉर्निंग फॉलोअप’
दूसरी ओर, बरौनी प्रखंड के पिपरा देवस पंचायत में भी सुबह-सुबह अधिकारियों की टीम पहुंची। डीआरडीए के निदेशक विवेक कुमार और एलएसबीए के जिला समन्वयक विश्वजीत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ‘मॉर्निंग फॉलोअप’ किया। उन्होंने स्वच्छता पर्यवेक्षकों और कर्मियों को नियमित रूप से कचरा प्रबंधन का निर्देश दिया।

उपयोगिता शुल्क और शौचालय निर्माण पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उनसे स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई। ग्रामीणों को कचरा उठाव के एवज में ‘उपयोगिता शुल्क’ जमा करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही, महादलित परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करने पर विशेष बल दिया गया।











