- केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया पहले स्मार्ट क्लिनिक का उद्घाटन
- मंझौल में खुला क्योरबे का पहला टेक-इनेबल्ड क्लिनिक
- बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के नए अध्याय की शुरुआत
बेगूसराय (मंझौल) | ग्रामीण और वंचित समुदायों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने वाली कंपनी ‘क्योरबे’ ने बिहार में कदम रख दिया है। कंपनी ने गुरुवार को बेगूसराय के मंझौल में अपना पहला तकनीक-सक्षम क्लिनिक खोला। इसका उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री और स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने किया। इस मौके पर चेरिया-बरियारपुर के विधायक अभिषेक आनंद भी बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं। हर नागरिक तक सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भारत सरकार का मुख्य लक्ष्य है। क्योरबे का यह नया माडल इसी दृष्टिकोण को पूरा करने में मददगार साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आएगा।

हर परिवार को मिले समान स्वास्थ्य सेवा
क्योरबे के संस्थापक और सीईओ प्रियदर्शी महापात्र ने कंपनी का विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि देश के हर हिस्से में रहने वाले लोगों को एक समान स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। कंपनी तकनीक के जरिए ग्रामीण परिवारों तक भरोसेमंद प्राथमिक चिकित्सा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कंपनी की प्रिवेंटिव हेल्थकेयर मेंबरशिप ‘क्योरबे कवच’ की भी जानकारी दी गई। इसकी फीस मात्र 499 रुपये प्रति वर्ष रखी गई है। इसके तहत मरीजों को अनलिमिटेड डॉक्टर कंसल्टेशन की सुविधा मिलेगी।
सात राज्यों में है क्योरबे का मजबूत नेटवर्क
यह क्लिनिक बिहार में क्योरबे की विस्तार योजना का पहला कदम है। कंपनी पूरे देश के सात राज्यों में 220 से अधिक स्मार्ट (टेक-इनेबल्ड) क्लिनिक संचालित कर रही है।











