- कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी में होगा मतदान
बेगूसराय | जिलाधिकारी के निर्देश पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी, बेगूसराय शाखा के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। नई कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए यह चुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए एक विशेष बैठक में पूरी रूपरेखा तय की गई है। रेडक्रास की नियमावली के तहत ही पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मतदान केंद्र पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात रहेगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके अलावा, मतपेटी, कंप्यूटर और प्रिंटर सहित सभी जरूरी संसाधन समय पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
10 जुलाई से शुरू होगी चुनावी प्रक्रिया
- 10 जुलाई : अद्यतन मतदाता सूची अपलोड होगी।
- 11 से 17 जुलाई : मतदाता सूची पर दावा और आपत्ति ली जाएगी।
- 17 जुलाई : दावा-आपत्तियों का निपटारा। इसी दिन अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
- 18 जुलाई : नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
- 20 से 23 जुलाई : नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
- 24 जुलाई : नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।
- 25 जुलाई : अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित होगी।
- 28 जुलाई : मतपत्र छापकर जिला कोषागार में सुरक्षित रखे जाएंगे।
30 जुलाई को मतदान, उसी दिन मतगणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। नवगठित कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक 31 जुलाई 2026 को आयोजित होगी।
प्रशासन ने की भागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने रेडक्रास सोसायटी के सभी पात्र सदस्यों से एक विशेष अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि सभी सदस्य तय समय-सीमा का पालन करें। चुनाव प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। एक लोकतांत्रिक और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।










