- भैरवार पंचायत शाखा की बैठक में दिल्ली रैली व विधानसभा मार्च की तैयारी पर चर्चा
- सदस्यता अभियान और नई इकाइयों के गठन पर दिया गया जोर
बेगूसराय | भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की भैरवार पंचायत शाखा की बैठक भगवती मंदिर, कामाथान परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड रामकृष्ण यादव ने की। बैठक में अंचल प्रभारी अनिल कुमार अंजान ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है।
गरीबों से छीना जा रहा हक
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सेटेलाइट टाउनशिप की योजना बना रही है, वहीं दूसरी ओर गांवों की झोपड़ियों तक पर होल्डिंग टैक्स लगाने की तैयारी है। बड़े पैमाने पर लोगों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा रहे हैं। कई परिवारों को चार-चार महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है। राशन के अभाव में कई आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्रभावित है। उन्होंने राज्य में बढ़ती हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक मोर्चाबंदी का आह्वान किया।
आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तय
अंचल मंत्री कामरेड श्याम बहादुर सिंह ने एक सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली, 28 सितंबर को बिहार विधानसभा मार्च, 6 से 15 अगस्त तक पदयात्रा तथा 26 जुलाई को एटक के जिला सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने जनसंगठनों का सदस्यता अभियान तेज करने और नई इकाइयों के गठन पर भी जोर दिया। बैठक में पार्टी नेता जयशंकर सिंह, उमेश सिंह, देवेंद्र पंडित, योगेंद्र यादव, महेश दास, भोला महतो, रामबिलास मोची, मंटून साह, वकील महतो और रामविलास पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।










