- सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य के 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ का किया उद्घाटन
- बेगूसराय में 10 एकड़ में बनेगा भगवान वेंकटेश्वर का भव्य मंदिर
- सिमरिया-भागलपुर के बीच बनाया जाएगा मरीन ड्राइव
- 15 अगस्त से ‘FILO App’ से छात्रों को मिलेगी लाइव और इंटरैक्टिव क्लास
- शिक्षकों के तबादले की पारदर्शी प्रक्रिया 29 जुलाई से होगी शुरू
बेगूसराय | मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा और विकास के मोर्चे पर बिहार को कई बड़ी सौगातें दी हैं। उन्होंने बेगूसराय के IOCL स्टेडियम से राज्य के 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ (आदर्श विद्यालय) का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बेगूसराय और बिहार के समग्र विकास के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ऐलान किया कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर एक नया विश्वविद्यालय स्थापित होगा। यह उच्च शिक्षा, शोध और भारतीय चिंतन का बड़ा केंद्र बनेगा। इसके अलावा बेगूसराय में 10 एकड़ जमीन पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिलेगी। सीएम ने सिमरिया से भागलपुर तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव बनाने की भी घोषणा की। वहीं, रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के बनने से बेगूसराय और मुंगेर के लोग महज 5 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे।

‘बिहार पढ़ेगा, तब बिहार आगे बढ़ेगा’
शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के विजन को स्पष्ट करते हुए सीएम ने कहा कि ‘बिहार पढ़ेगा, तब बिहार आगे बढ़ेगा’। नए खोले गए 551 आदर्श विद्यालयों में करीब 4 लाख बच्चे पढ़ेंगे। सरकारी स्कूलों में अब प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो और आधुनिक लैब बनाए जा रहे हैं। यहां नीट (NEET) और जेईई (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराई जाएगी।
15 अगस्त से लांच होगा ‘FILO App’
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ की शुरुआत हो चुकी है। अब 15 अगस्त से छात्रों के लिए ‘FILO App’ लांच किया जाएगा। इसके जरिए बच्चे कभी भी राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों से आनलाइन और लाइव पढ़ाई कर सकेंगे। शिक्षकों की सुविधा के लिए 29 जुलाई से पारदर्शी स्थानांतरण (ट्रांसफर) प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

नदी जोड़ो और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 1 करोड़ लोगों को रोजगार देने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। राज्य की 1.81 करोड़ महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये भेजे गए हैं। छूटी हुई महिलाओं को 25 जुलाई को राशि मिलेगी। सीएम ने शिवहर में बागमती-बूढ़ी गंडक को जोड़ने वाले ‘बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ो योजना का काम शुरू हो गया है।
बीपी इंटर स्कूल का किया निरीक्षण
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बेगूसराय प्रखंड के बीपी इंटर स्कूल (सरस्वती विद्या निकेतन) का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उन्होंने वहां संगीत कक्ष, लाइब्रेरी, फिजिक्स लैब और स्मार्ट क्लास का बारीकी से निरीक्षण किया। बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान और आर्ट-क्राफ्ट प्रदर्शनी की भी उन्होंने जमकर सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जीविका, आयुष्मान कार्ड, अभियान बसेरा सहित अन्य योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, बेगूसराय के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव और गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, नगर विधायक कुंदन कुमार, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता, चेरिया बरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, मटिहानी विधायक बोगो सिंह, दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार, मेयर पिंकी देवी आदि मौजूद रहे।










