- गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल से की मुलाकात
- तेघड़ा, बलिया और बरौनी ग्रिड पर निर्भरता से शहर में बढ़ रही बिजली समस्या
- ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से उपभोक्ता, उद्योग, अस्पताल व कारोबार प्रभावित
- ऊर्जा मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल का दिया आश्वासन
बेगूसराय | शहर में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समर्पित (डेडिकेटेड) पावर ग्रिड स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से मुलाकात कर इस संबंध में मांग पत्र सौंपा। उन्होंने शहर की वर्तमान विद्युत व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों से भी ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया।
इस संबंध में मंगलवार को लोजपा के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्री संजय पासवान ने कहा कि बेगूसराय राज्य के प्रमुख औद्योगिक, व्यावसायिक और तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है। इसके बावजूद यहां की बिजली व्यवस्था तेघड़ा, बलिया और बरौनी पावर ग्रिड पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण शहर में आए दिन ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और तकनीकी खराबियों की समस्या बनी रहती है। इसका असर आम उपभोक्ताओं के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ता है।
पावर ग्रिड की स्थापना को जल्द मंजूरी मिले
गन्ना उद्योग मंत्री ने ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास को देखते हुए बेगूसराय शहर के निकट नए समर्पित पावर ग्रिड की स्थापना को जल्द मंजूरी दी जाए। उनका कहना था कि इससे शहर को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली मिलेगी। साथ ही औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान ने बताया कि ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने इस मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। उन्होंने बेगूसराय की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पहल करने के लिए गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान के प्रति आभार भी जताया।











