- एआइसीसी सचिव रोहित चौधरी बोले- संवाद की जगह सरकार ने छात्रों पर बरसाईं लाठियां
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पारदर्शी परीक्षा कैलेंडर जारी करने की उठी मांग
- बेगूसराय कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी ने की प्रेस वार्ता
बेगूसराय | जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान दिल्ली में छात्रों और कांग्रेस नेताओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। प्रेस वार्ता को एआइसीसी के सचिव और एनएसयूआइ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित चौधरी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हालिया ‘संसद मार्च’ भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण है। देशभर से हजारों छात्र शांतिपूर्वक दिल्ली पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि सरकार उनकी समस्याएं सुनेगी। लेकिन सरकार ने संवाद के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल किया। छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। छात्राओं के साथ डराने-धमकाने और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं, जो बेहद शर्मनाक है।
शांतिपूर्ण विरोध पर सीधा हमला
रोहित चौधरी ने बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अन्य सांसदों के साथ छात्रों की मांगें लेकर प्रधानमंत्री आवास जा रहे थे। सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। यह लोकतंत्र और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दमनकारी नीतियां अपनाकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से दो प्रमुख मांगें की हैं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अविलंब अपने पद से इस्तीफा दें। दूसरी, छात्रों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सरकार एक स्पष्ट कैलेंडर जारी करे और सभी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएं।
छात्रों के खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और बेगूसराय जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। विपक्ष के नेताओं पर हो रही कार्रवाई लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
छात्रों के संघर्ष में मजबूती से खड़ी है कांग्रेस
शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जिला संयोजक अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। कांग्रेस छात्रों के संघर्ष में मजबूती से साथ खड़ी है।
इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
प्रेस वार्ता में जिले भर के कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार, नगर अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस, ग्रामीण अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता रजनीकांत पाठक, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गायत्री देवी, सुबोध सिंह, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











