▪️ दिनकर पुस्तकालय और दिनकर स्मृति विकास समिति का संयुक्त आयोजन
▪️ प्रथम स्थान पाने वाले आशीर्वाद गौतम को 5 हजार नकद सहित सम्मान
बेगूसराय (सिमरिया)| राजकीय रामधारी सिंह दिनकर स्मारक प्लस टू विद्यालय, सिमरिया के प्रांगण में सोमवार को मुचकुंद मोनू की 43वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मेधा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम दिनकर पुस्तकालय सिमरिया और दिनकर स्मृति विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। समारोह की अध्यक्षता दिनकर पुस्तकालय के अध्यक्ष विश्वंभर सिंह ने की, जबकि संचालन विनोद बिहारी ने किया।
सांस्कृतिक विकास और सामाजिक बदलाव के पुरोधा थे मुचकुंद
इस अवसर पर ‘सामाजिक कार्यों में मुचकुंद की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी भी हुई। पत्रकार प्रवीण प्रियदर्शी ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि मुचकुंद मोनू ने सिमरिया के सांस्कृतिक विकास में अहम योगदान दिया। वे हमेशा सामाजिक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध रहे, उनके संघर्षों से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी ने कहा कि मेधा सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मुचकुंद के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को आदर्श मानकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
जीवन में कितने भी ऊंचे पद पर जाएं, अपनी मिट्टी का कर्ज जरूर उतारें
मुख्य अतिथि विंग कमांडर रंजीत कुमार ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के कई महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य तय कर उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। चाहे व्यक्ति कितना भी बड़ा पद हासिल कर ले, उसे अपनी जन्मभूमि और समाज का ऋण अवश्य चुकाना चाहिए। उन्होंने मुचकुंद मोनू के संघर्षपूर्ण जीवन से सीख लेने की अपील की। संगोष्ठी को ओम कुमार शर्मा, वतन कुमार, कृष्णनंदन पिंकू और अमर कुमार मुरारी ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन दिनकर स्मृति विकास समिति के सचिव प्रदीप कुमार ने किया।

आशीर्वाद गौतम बने मेधा सम्मान के विजेता
दूसरे सत्र में मुचकुंद मेधा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आशीर्वाद गौतम को पांच हजार नकद, प्रशस्ति पत्र, पुस्तक और कलम देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र, पुस्तक और कलम प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य कुलदीप सिंह यादव, लोपा मुद्रा, विजय कुमार, समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, पुस्तकालय के सचिव संजीव फिरोज, अमरदीप सुमन, जितेन्द्र झा, ए.के. मनीष, गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।











