- सुबह से सुस्त रही वोटिंग, मतदान प्रतिशत नहीं छू सका पुराने रिकार्ड
- भाजपा, जन सुराज और राजद ने अपनी-अपनी जीत का किया दावा
- प्रशांत किशोर बोले- हमारे नेताओं को बेवजह हिरासत में लिया गया
- तीन अगस्त को होगी मतगणना, 25 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद

पटना | बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार कुल 34.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह से ही धीमा रहा और पूरे दिन कोई खास उत्साह नहीं दिखा। अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। मतगणना तीन अगस्त को होगी। इस उपचुनाव पर पूरे राज्य की नजर रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। राजद ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
प्रशांत किशोर ने मुकाबले को दिलचस्प बनाया
प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा था। उम्मीद जताई जा रही थी कि उनकी बदलाव की राजनीति मतदान प्रतिशत बढ़ाएगी। बांकीपुर में पिछले कई चुनावों से मतदान 39 से 42 प्रतिशत के बीच रहा है। इस बार भी बड़ी संख्या में मतदाता घरों से बाहर नहीं निकले। करीब 34.16 प्रतिशत मतदान ने बदलाव की उस लहर पर सवाल खड़े कर दिए, जिसकी चर्चा चुनाव प्रचार के दौरान लगातार होती रही।
#WATCH | Patna, Bihar | Union Minister Rajiv Ranjan (Lalan) Singh says, “Any election is a celebration of democracy, and voters should participate in this festival with great enthusiasm. That is why I have come straight from Delhi to cast my vote and will head back immediately… https://t.co/kQut4DxbT0 pic.twitter.com/FSXNkegLv7
— ANI (@ANI) July 30, 2026
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मतदान के बाद कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और हर मतदाता को इसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह वोट डालने के लिए दिल्ली से विशेष रूप से पटना आए हैं। प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह पहले भी बड़े-बड़े दावे करते रहे हैं, लेकिन जनता उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।
VIDEO | Bankipur bypolls: BJP candidate Neeraj Kumar Sinha says, “The atmosphere is completely peaceful and cheerful. Mothers, sisters, parents, guardians, uncles, aunts, grandparents, everyone has come out to cast their vote. We want voter turnout to be as high as possible. We… pic.twitter.com/yiOxaYWYvU
— Press Trust of India (@PTI_News) July 30, 2026
भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने मतदान को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मतदान में हिस्सा लिया। उन्हें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है और बेहतर परिणाम की उम्मीद है।

मतदान के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा की हार का दावा किया। उन्होंने कहा कि सुबह से पार्टी लगातार फीडबैक ले रही है। हर बूथ पर कार्यकर्ता मौजूद थे। मिल रही जानकारी के आधार पर भाजपा को करारी हार मिलेगी और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता भारी मतों से जीतेंगी। उन्होंने कहा कि तीन अगस्त के नतीजे पूरे देश को संदेश देंगे।
VIDEO | Jan Suraaj founder and candidate for Bankipur bypoll Prashant Kishor offers prayers as the voting begins.
He says, “There was no drama, as we said, police detained more than 16 leaders of Jan Suraaj, they were put in different police stations, nobody knows where they… pic.twitter.com/hFkOQW7qs9
— Press Trust of India (@PTI_News) July 30, 2026
वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मतदान शुरू होने से पहले पूजा-अर्चना की। बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने जन सुराज के 16 से अधिक नेताओं को बिना कारण हिरासत में लिया। उनका दावा था कि नेताओं को अलग-अलग थानों में रखा गया ताकि वे चुनाव प्रक्रिया से दूर रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने अपराध किया है तो मुकदमा दर्ज किया जाए, लेकिन केवल चुनाव से दूर रखने के लिए कार्रवाई उचित नहीं है।
अब सभी की निगाहें तीन अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसी दिन साफ होगा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा, राजद या जन सुराज में किस पर भरोसा जताया है।








