- ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम से लौटते समय औरंगाबाद में हमला
- सड़क किनारे खाई में मिली कार, चालक सुरक्षित; पूछताछ जारी
- बारुण थाना क्षेत्र के लख डिहरा गांव के पास हुई वारदात
सासाराम/औरंगाबाद | डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की शनिवार देर रात औरंगाबाद जिले में हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। नगर विकास विभाग से लेकर रोहतास जिला प्रशासन तक शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, विमल कुमार शनिवार को डेहरी में आयोजित ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह सरकारी वाहन से पटना के लिए रवाना हुए। उनके साथ चालक मिथिलेश भी था। रात में औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के लख डिहरा गांव के समीप बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
चेहरे और सिर पर गहरे जख्म के निशान
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बदमाश लूटपाट की नीयत से वाहन तक पहुंचे। विरोध करने पर उन्होंने विमल कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उनके चेहरे और सिर पर गहरे जख्म मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि चाकू या किसी अन्य धारदार हथियार से कई वार किए गए। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के कुछ समय बाद ईओ की कार सड़क किनारे खाई में मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ईओ को छोड़कर भाग गया था चालक
घटना के समय चालक मिथिलेश सुरक्षित बच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान वह ईओ को घटनास्थल पर छोड़कर भाग गया था। पुलिस उसके बयान का मिलान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों से कर रही है। चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसके खिलाफ किसी प्रकार की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मोबाइल काल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले से पीछा किया था या रास्ते में वारदात को अंजाम दिया।
फरवरी 2025 में दिया था योगदान
विमल कुमार फरवरी 2025 से डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने नगर परिषद के कई विकास कार्यों और प्रशासनिक अभियानों की निगरानी की थी। उनकी हत्या की खबर मिलते ही नगर परिषद कार्यालय में शोक का माहौल बन गया। सहकर्मियों और कर्मचारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद और रोहतास जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई। सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।










