बेगूसराय | अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बेगूसराय विभाग का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग संपन्न हो गया। यह कार्यक्रम महंत राम जीवन दास (MRJD) महाविद्यालय में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक अनुशासन सिखाना था। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री राकेश मौर्या ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने कहा कि ABVP केवल एक छात्र संगठन नहीं है। यह राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रयोगशाला है। परिसर से लेकर समाज तक सकारात्मक बदलाव लाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अकादमिक रूप से सशक्त बनें छात्र
प्रांत मंत्री डा. पुरुषोत्तम कुमार ने छात्र हितों पर अपनी बात रखी। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज का छात्र ही वर्तमान का नेतृत्वकर्ता है। छात्रों को अकादमिक रूप से मजबूत बनकर समाज के सामने आदर्श पेश करना चाहिए। उन्होंने ‘आई एम कालेज’ गतिविधि के जरिए छात्रों तक पहुंच बढ़ाने की बात कही। दो दिनों तक चले इस वर्ग में कई अहम सत्र आयोजित हुए। इनमें परिसर आधारित आंदोलन, सोशल मीडिया अभियान और शैक्षणिक मुद्दों पर चर्चा हुई। वर्ग के अंतिम दिन अगले 6 महीनों की कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत सदस्यता अभियान, छात्र जागरूकता कार्यक्रम और विभाग स्तरीय सम्मेलन की रूपरेखा बनी।
राष्ट्रगीत के साथ हुआ समापन
विभाग संयोजक आलोक कुमार ने सभी के अनुशासन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बेगूसराय पूरे प्रदेश में एक आदर्श विभाग के रूप में काम करेगा। कार्यक्रम का संचालन विभाग के पदाधिकारियों ने किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ता डा. चंदन कुमार, अजीत चौधरी, जिला संयोजक अनुभव आनंद, कमल कश्यप और नगर उपाध्यक्ष मुरारी कुमार मौजूद रहे।










