बेगूसराय/भागलपुर | साहित्य और रंगकर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बेगूसराय के साहित्यकार एवं रंगकर्मी मिथिलेश कुमार उर्फ मिथिलेश ‘कान्ति’ को महात्मा गांधी राष्ट्रीय सद्भावना सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान महात्मा गांधी के भागलपुर आगमन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय अंग प्रदेश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। समारोह 7 से 9 अगस्त 2026 तक भागलपुर में आयोजित होगा। आयोजन का जिम्मा महात्मा गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति, भागलपुर तथा गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र, भागलपुर ने संभाला है।
आयोजकों के अनुसार, महात्मा गांधी के विचारों, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से साहित्यकार, रंगकर्मी, शिक्षाविद, समाजसेवी और गांधीवादी चिंतक भाग लेंगे। इसी अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। बेगूसराय निवासी मिथिलेश ‘कान्ति’ को साहित्य एवं रंगकर्म के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाने में उनके योगदान के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय सद्भावना सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।








