बेगूसराय | वाणिज्य कर विभाग द्वारा बेगूसराय अंचल में राजस्व संग्रहण को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। केशावे 13 पाई के रहने वाले विकास कुमार को ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। वे रामशंकर सिंह के पुत्र हैं। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान वित्तीय वर्ष 2025-26 में कर संग्रहण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया जा रहा है। राज्य कर संयुक्त आयुक्त (बेगूसराय अंचल) ने पत्र जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। 15 अगस्त को गांधी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसी समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री विकास कुमार को यह सम्मान प्रदान करेंगे। विभाग द्वारा ऐसे व्यवसायियों को यह सम्मान देने का प्रावधान किया गया है, जो राजस्व बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सड़क निर्माण क्षेत्र में सक्रिय है कंपनी
विकास कुमार की कंपनी मुख्य रूप से सड़क निर्माण के क्षेत्र में कार्य करती है। यह कंपनी बिहार और झारखंड राज्य में एनएचएआइ, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और सड़क परिवहन मंत्रालय (NH) के अहम प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। इस व्यवसाय का सफल संचालन तीन भाई— विकास कुमार, विक्रम कुमार और विनय कुमार मिलकर करते हैं।
उपलब्धि पर दी गई बधाई
विकास कुमार को भामाशाह सम्मान के लिए चुने जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) बेगूसराय के सदस्य और गोपालपुर पंचायत के मुखिया आलोक ललन भारती ने उन्हें इस खास उपलब्धि पर बधाई दी है। साथ ही, उन्होंने कंपनी की निरंतर उन्नति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










