- प्रखंड कार्यालय में बलिका जन्मोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन
- प्रखंड के बच्चियों का किया गया अन्नप्राशन, बांटे गए कपड़े व प्रमाणपत्र
साहेबपुर कमाल (बेगूसराय) | प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को बालिका जन्मोत्सव सह अन्नप्राशन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बेटियों के सम्मान और बच्चों के पोषण पर विशेष जोर दिया गया। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) पूजा रानी ने कहा कि बेटी केवल परिवार का हिस्सा नहीं है। वह खुशियों, संस्कारों और भविष्य की पहचान है। घर में बेटी के जन्म से एक नई उम्मीद और सपना जन्म लेता है।
सीडीपीओ ने कहा कि बेटियों के जन्म पर सिर्फ उत्सव मनाना काफी नहीं है। उन्हें अच्छी शिक्षा, पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य और सुरक्षा भी देनी चाहिए। उन्हें समान अवसर मिलने चाहिए। एक शिक्षित और स्वस्थ बेटी सशक्त महिला बनती है। वह परिवार और समाज को आगे बढ़ाती है। हमें यह तय करना होगा कि बेटियां बेटों से पीछे न रहें।
पांच बच्चियों के अभिभावक हुए सम्मानित
समारोह में प्रखंड की पांच चयनित बच्चियों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। बच्चियों को उपहार स्वरूप नए कपड़े दिए गए। साथ ही, माता-पिता को बच्चियों की अच्छी देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया गया।
छह माह बाद पूरक आहार जरूरी
मौके पर मौजूद महिला पर्यवेक्षिकाओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बेटियों को बोझ न समझें। वे हमारी सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की पूंजी हैं। यह कार्यक्रम समाज में बेटियों के सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति एक जागरूकता संदेश है। पर्यवेक्षिकाओं ने अन्नप्राशन के महत्व को भी समझाया। उन्होंने बताया कि छह माह की आयु के बाद बच्चे को मां के दूध के साथ पूरक आहार देना जरूरी है। यह उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिका ममता कुमारी, रीना भारती, श्रेया सुमन, शोभा कुमारी, अर्चना और तुषार रंजन मौजूद थे। इसके अलावा सेविका अंजलि कुमारी, सुनीता कुमारी, हीरा कुमारी, साबरीन, राखी कुमारी, निकहत प्रवीण, हीरा देवी, अनीषा कुमारी, बबीता कुमारी और रूबी शर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।













