- नावकोठी में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया संबोधित
- ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने पर जोर
नावकोठी (बेगूसराय) | भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में नावकोठी स्थित द्वारिका पैलेस में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान” के जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह, भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, बछवाड़ा विधायक सुरेंद्र मेहता, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, बेगूसराय सदर विधायक कुंदन कुमार, एमएलसी सर्वेश कुमार, पूर्व मंत्री अशोक महतो, पूर्व विधायक श्रीकृष्णा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान समेत अन्य नेताओं ने दीप प्रज्वलित एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान
प्रशिक्षण अभियान के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना एवं मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं और यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के विचार को साकार करने का माध्यम है। प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना तथा सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है।

राष्ट्र निर्माण के प्रहरी हैं भाजपा कार्यकर्ता: भीखूभाई दलसानिया
द्वितीय सत्र में भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सजग प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में पद से अधिक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता का चरित्र, अनुशासन और समर्पण होता है। भाजपा का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है और इसी भावना के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य करना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि पार्टी लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के विचार, व्यवहार और संगठनात्मक क्षमता को मजबूत कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महापुरुषों के जीवनी की प्रर्दशनी भी लगाई
प्रशिक्षण अभियान का संचालन जिला महामंत्री कुंदन भारती राकेश पांडे एवं रामप्रवेश सहनी ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षण वर्ग में सरकार के विभिन्न कार्यों, भाजपा के संगठन के लोगों की कार्यशैली एवं महापुरुषों के जीवनी की प्रर्दशनी भी लगाई गई। प्रशिक्षण में भाजपा नेता कृष्णमोहन पप्पू, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार, किसान मोर्चा के महामंत्री नवीन कुमार, भाजपा नेता निरंजन सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, विकास कुमार, मृत्युंजय कुमार वीरेश, सुमित सन्नी, जिला मंत्री शुभम कुमार, आभा सिंह, ऋचा सिंह, कामिनी कंचन, सहित 250 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।










