- समस्या समाधान को बार-बार जिला मुख्यालय भागने की जरूरत नहीं
- आज जिलेभर में लगेंगे सहयोग और नगर सहयोग शिविर
बेगूसराय | जिले के लोगों की समस्याओं का समाधान अब उनके गांव और वार्ड में ही किया जाएगा। मंगलवार 30 जून को जिले के प्रखंडों में “सहयोग शिविर” और शहरी क्षेत्रों में “नगर सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने पंचायतवार और वार्डवार रोस्टर जारी कर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। जिले के 15 प्रखंडों की चयनित पंचायतों में वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। उद्देश्य यह है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में क्या होगा
शिविरों में राजस्व, जन वितरण प्रणाली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य, पंचायती राज और अन्य महत्वपूर्ण विभागों से संबंधित शिकायतें और आवेदन लिए जाएंगे। इनका स्थानीय स्तर पर त्वरित और विधिसम्मत निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
पढ़िए, आपके प्रखंड में कहां लगेंगे शिविर
अभियान के तहत बरौनी के नूरपुर, बलिया के बरियारपुर और फतेहपुर, बेगूसराय प्रखंड के सूजी, सांख और अझौर, बछवाड़ा के रुदौली, बछवाड़ा और भीखमचक, मटिहानी के सोनापुर, तेघड़ा के पिपरा दोदराज और बरौनी-3, साहेबपुर कमाल के संदलपुर और फुलमल्लिक, डंडारी के महिपाटोल, चेरिया बरियारपुर के खांजहांपुर, खोदाबंदपुर के खोदाबंदपुर, छौड़ाही के ऐजनी, बखरी के परिहारा, भगवानपुर के किरतपुर, संजात और दामोदरपुर, नावकोठी के हसनपुर बागर तथा मंसूरचक के समसा-1 पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।
शहरों में इन वार्डों में लगेगा ‘नगर सहयोग शिविर’
- नगर निगम बेगूसराय : वार्ड संख्या 17, 20, 21, 22, 23 और 24
- नगर परिषद बीहट : वार्ड संख्या 11, 12, 13, 29 और 30
- नगर परिषद बरौनी, तेघड़ा, बलिया और बखरी : इन सभी नगर परिषदों के वार्ड संख्या 13, 14, 15 और 16 में शिविर लगेंगे।
आवेदन तत्काल आनलाइन पोर्टल पर अपलोड होगा
इस बार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। नगर सहयोग शिविरों में जो भी आवेदन मिलेंगे, उन्हें तुरंत आनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा। आवेदन जमा होते ही आवेदक को मौके पर ही कंप्यूटर से निकली रसीद (पावती) मिल जाएगी। इससे लोग अपनी शिकायत का स्टेटस ट्रैक कर सकेंगे और काम समय पर पूरा होगा।










