- महाराष्ट्र में 24 घंटे में 13 मौतें
- सरकार ने किया मुआवजे का एलान
मुंबई/नई दिल्ली/एजेंसी | महाराष्ट्र में पिछले चार दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी मुंबई समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की जान जा चुकी है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को नासिक में बादल फटने और 300 मिमी तक भारी बारिश की आशंका जताई है।
मानखुर्द तीन मंजिला चाल ढही
मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में रविवार को एक तीन मंजिला चाल ढह गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं पुणे की मावल तहसील में भूस्खलन की चपेट में आकर एक घर जमींदोज हो गया। इससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दूसरी तरफ खेड़ तहसील में सड़क पर भरे पानी के तेज बहाव में बाइक सवार दो लोग बह गए।
बाढ़ जैसे हालात, वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी
मुंबई के निचले इलाकों जैसे हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी में सड़कों पर कई फीट पानी जमा है। तेज हवाओं के कारण शहर में 250 से ज्यादा पेड़ गिर चुके हैं। सड़कों पर मीलों लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में इस स्थिति को “अप्रत्याशित” और मानव नियंत्रण से परे बताया। उन्होंने जनता से गैरजरूरी यात्रा टालने और जलप्रपातों या पर्यटन स्थलों पर न जाने की अपील की है। उन्होंने निजी कंपनियों को मानवीय आधार पर अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ देने की गाइडलाइन जारी की है। नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

40 से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, फ्लाइट्स डायवर्ट
भारी बारिश और जलभराव के कारण पश्चिमी रेलवे की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पटरियां पानी में डूबने से मुंबई और दक्षिण गुजरात के स्टेशनों पर 20 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें फंसी रहीं। दिनभर में कुल 40 से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें रद की गईं, तो कइयों के रूट बदले गए। लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। ऐहतियातन कई ट्रेनों को वापी और सूरत स्टेशनों पर ही रोक दिया गया। खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा। सोमवार दोपहर तक मुंबई आने वाली पांच फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट करना पड़ा।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर जलभराव, सुरंग में रिसाव
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में खुले ‘मिसिंग लिंक’ की एक प्रमुख सुरंग के भीतर तेजी से पानी का रिसाव शुरू हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही 18 घंटे तक पूरी तरह बंद रही। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश दिया है।
एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात
आपदा से निपटने के लिए पूरे महाराष्ट्र में एनडीआरएफ (NDRF) की 17 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें से 4 टीमें मुंबई में, और 2-2 टीमें पालघर और नागपुर में मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके अलावा एसडीआरएफ (SDRF) की 6 टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
संबंधित खबर










