Download App from

‘पावर कपल’ हैं बेगूसराय के नए DM रिची पांडेय

  • IFS हैं पत्नी ताविशी बहल पांडेय
  • तुषार सिंगला के बाद दूसरा पावर कपल मिला जिला को

बेगूसराय | जिले को नया डीएम मिलने के साथ ही जिले में एक दिलचस्प संयोग भी जुड़ गया है। जिले की कमान अब IAS रिची पांडेय संभालेंगे। उनकी पत्नी ताविशी बहल पांडेय भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी हैं। दोनों अपने-अपने क्षेत्र में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रिची पांडेय 2016 बैच के IAS अधिकारी हैं। पत्नी ताविशी बहल पांडेय 2011 बैच की IFS अधिकारी हैं। फिलहाल ताविशी ओमान की राजधानी मस्कट स्थित भारतीय दूतावास में डिप्टी चीफ आफ मिशन (DCM) और पालिटिकल आफिसर के पद पर तैनात हैं। मस्कट जाने से पहले 2022 तक ताविशी पटना पासपोर्ट कार्यालय में भी कार्यरत रही थीं।
इस तरह बेगूसराय को दूसरी बार ऐसा प्रशासनिक दंपती मिला है, जिसमें पति जिले के डीएम हैं और पत्नी भारतीय विदेश सेवा की वरिष्ठ अधिकारी। इससे पहले बेगूसराय के डीएम रहे तुषार सिंगला की पत्नी नवजोत सिमी IPS अधिकारी हैं। तुषार सिंगला वर्तमान में बिहार सरकार के मत्स्य पालन विभाग में निदेशक हैं तो पत्नी नवजोत सिमी अरवल जिले की SP हैं। इसी वजह से रिची-ताविशी की जोड़ी को जिले का दूसरा ‘पावर कपल’ कहा जा रहा है।

एक ही संस्थान, अलग-अलग सेवाओं का सफर
इस अफसर दंपती की शिक्षा में एक बेहद दिलचस्प संयोग जुड़ा है। पति और पत्नी, दोनों ने ही अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई दिल्ली के एक ही कालेज से पूरी की है। दोनों ने ‘नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी’ (एनएसआइटी) से बीटेक किया है। इस संस्थान को अब नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी आफ टेक्नोलाजी के नाम से जाना जाता है। रिची पांडेय की शुरुआती पढ़ाई नई दिल्ली के प्रतिष्ठित संस्कृति स्कूल से हुई है। इंजीनियरिंग के साथ-साथ उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया है।

AI के एक्सपर्ट हैं रिची पांडेय
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले नए डीएम रिची पांडेय कारपोरेट जगत का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपनी पहली नौकरी ‘द स्मार्ट क्यूब’ नाम की कंपनी में की थी। यह कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित काम करती है। दुनिया के बड़े व्यवसायों के साथ इसकी सीधी भागीदारी है। इसके बाद उन्होंने एक्सिस बैंक में भी नौकरी की। कारपोरेट का लंबा अनुभव लेने के बाद साल 2016 में उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास की और IAS बने। उन्हें बिहार कैडर मिला। उनका IAS ID 115D03 है।

जहानाबाद में काम का मिला राष्ट्रीय सम्मान
प्रशासनिक कामकाज के मामले में रिची पांडेय की छवि एक बेहद सख्त और तेजतर्रार अफसर की रही है। जहानाबाद में डीएम रहते हुए उन्होंने जमीन दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन में बहुत शानदार काम किया था। उनके इस उत्कृष्ट प्रयास को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इसके लिए प्रतिष्ठित ‘भूमि पुरस्कार’ से सम्मानित किया था।
अफसर सख्त, अंदाज सुरीला
कामकाज में सख्त दिखने वाले रिची पांडेय असल जिंदगी में कला के भी धनी हैं। वह एक बेहतरीन गायक हैं और उनकी सुरीली आवाज अक्सर लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती है। आइएएस ट्रेनिंग सेंटर मसूरी की फेयरवेल पार्टी में उन्होंने ‘संभालो मुझको ओ मेरे यारों संभलना मुश्किल हो गया…’ गाकर अपने साथी अफसरों को अचंभित कर दिया था। जहानाबाद में भी तैनाती के दौरान उन्होंने ‘तू मेरा दिल, तू मेरी जान, ओ आइ लव यू डैडी’ गाकर भाव विभोर कर दिया था। सीतामढ़ी में अपनी पोस्टिंग के दौरान भी उनका यह अंदाज देखने को मिला था। वहां उन्होंने ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है…’ गाकर खूब तालियां बटोरी थीं। उनके गायन का सबसे खास पल सीतामढ़ी महोत्सव में आया। वहां उन्होंने मंच पर मशहूर बालीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य के सामने फिल्म ‘चलते-चलते’ का लोकप्रिय गीत ‘सुनो ना, सुनो ना…’ गाया था। रिची पांडेय की मधुर आवाज सुनकर खुद मूल गायक अभिजीत और वहां मौजूद सभी दर्शक उनके पूरी तरह मुरीद हो गए थे।

संबंधित खबर

रिची पांडेय बने बेगूसराय के नए डीएम

Picture of विनोद कर्ण

विनोद कर्ण

पत्रकारिता में 37 वर्षों का अनुभव। 1988 में पटना से प्रकाशित होने वाले हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स से जुड़े। 1995 से 2000 तक मधुबनी से हिन्दी दैनिक आज के जिला संवाददाता रहे। अप्रैल 2000 से अगस्त 2002 तक अमर उजाला के जालंधर संस्करण में अबोहर के ब्यूरो चीफ रहे। गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण इस पेशे से 4 साल दूर रहे। 2006 में दैनिक जागरण, बेतिया से नई पारी शुरू की। तीन माह बाद सिल्लीगुड़ी स्थानांतरित। फिर पटना तबादला। 2008 से 2014 तक दैनिक जागरण, बेगूसराय और खगड़िया में ब्यूरो चीफ रहे। 2014 से 2017 तक दैनिक जागरण भागलपुर में डेस्क पर सीनियर सब एडिटर रहे। उसके बाद से न्यूज पोर्टल लाइव सिटीज, बिफोर प्रिंट और टॉप हिन्दी न्यूज से जुड़े रहे। वर्तमान में समकालीन तापमान के साथ-साथ newsvistabih.com न्यूज पोर्टल में स्वतंत्र रूप से लेखन जारी।
5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x