- मध्याह्न भोजन के बाद हुआ हादसा: आरओ के पास जमा पानी में फैला था करंट
- शिक्षकों ने बिजली का कनेक्शन काटा
- ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था सात वर्षीय जयश
बेगूसराय | जिले के बखरी थाना क्षेत्र के लोछे गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मध्याह्न भोजन के बाद स्कूल परिसर में लगे आरओ से पानी पीने गए सात वर्षीय छात्र जयश कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में एक अन्य छात्र भी झुलस गया। इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जयश कुमार डंडारी थाना क्षेत्र के मोहब्बा कल्याणपुर निवासी बिरजू पासवान का बेटा था। वह बचपन से ही लोछे गांव स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।








