- दिनकर विश्वविद्यालय, मरीन ड्राइव, इंडस्ट्रियल हब और एयर स्ट्रिप को बताया बेगूसराय के विकास की नई आधारशिला
बेगूसराय | केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेगूसराय दौरे को जिले के इतिहास का मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल विकास योजनाएं नहीं हैं, बल्कि बेगूसराय के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री द्वारा दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना, सिमरिया में मरीन ड्राइव, कुसमहौत में इंडस्ट्रियल हब और एयर स्ट्रिप बनाने की घोषणा के बाद गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री का सार्वजनिक रूप से आभार जताया। घोषणाओं के बाद गिरिराज सिंह अपनी भावनाएं नहीं रोक सके। उन्होंने मंच से माइक संभाला और ‘सम्राट चौधरी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। उनके साथ ही पूरा पंडाल नारों से गूंज उठा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय हमेशा केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में रहा है। यही कारण है कि आज यह बिहार के सबसे तेजी से विकसित होने वाले जिलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार की विकासोन्मुखी सोच का लाभ बेगूसराय को लगातार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत संरचना को नई गति मिलेगी। खासकर इंडस्ट्रियल हब और एयर स्ट्रिप जैसी परियोजनाएं निवेश को आकर्षित करेंगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। गिरिराज सिंह ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बेगूसराय शिक्षा, उद्योग, आधुनिक आधारभूत संरचना और विकास के क्षेत्र में पूरे बिहार के लिए एक आदर्श माडल बनकर उभरेगा।
संबंधित खबर
बेगूसराय में दिनकर के नाम पर बनेगा विश्वविद्यालय : मुख्यमंत्री










