बेगूसराय (बलिया/साहेबपुर कमाल) | जिले में रविवार को बड़ा हादसा हुआ। गंगा नदी में स्नान के दौरान अलग-अलग दो जगहों पर चार लोगों के डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की सहायता से चारों शव को बरामद किया गया है।

पहली घटना बलिया थाना क्षेत्र तुलसी टोल बांध की है, जहां मां-बेटी गंगा के ढाब में डूब गईं। जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर पंचायत के तुलसीटोल निवासी राजाराम ताती की पत्नी द्रोपदी देवी (55) दो बेटी रोमा कुमारी (14) एवं रिमझिम कुमारी (11) के साथ दोपहर 12 बजे सनहा गोदरगामा बांध के समीप कपड़ा धोने आई थी। इसी दौरान रिमझिम नहाने चली गई और गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने बड़ी बहन रोमा गई तो वह भी डूबने लगी। दोनों डूबता देख द्रोपदी देवी ने गंगा में छलांग लगा दी। कुछ ही पल में तीनों डूब गईं। किसी ने तीनों को डूबते देखा तो शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर द्रोपदी देवी को बाहर निकाला और बलिया अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद करीब 2 घंटे की कोशिश कर स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों का भी शव निकाला।
साहेबपुरकमाल में भी 12 वर्षीय बच्ची डूबी

दूसरी घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में सनहा गांव की है। जहां गंगा में स्नान करने गई सनहा पश्चिमी के वार्ड नंबर- 4 निवासी जयप्रकाश राय की बेटी अंशु कुमार (12) डूब गई। घटना की सूचना मिलने पर गोताखोरों की टीम पहुंची। खोजबीन कर शव को निकाला गया। सूचना के बाद सीओ संतोष कुमार और थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी हिमांशु कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित को सरकारी मदद का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक ललन यादव ने कहा कि मृतक को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
